7 जनवरी 2019 - 14:49
अमरीका के पास पूरे क्षेत्र को छोड़ने के सिवा कोई रास्ता नहीं होगाः शमख़ानी

ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अली शमख़ानी ने कहा है कि अमरीका सीरिया छोड़ने का फ़ैसला लेने पर इसलिए मजबूर हुआ क्योंकि उसे वहां सामरिक हार हुयी।

उन्होंने कहा कि अमरीका के पास अंत में पूरे क्षेत्र को छोड़ने के सिवा कोई रास्ता नहीं होगा।

पिछले महीने अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने अचानक एलान किया कि अमरीका सीरिया से लगभग 2000 सैनिक बाहर निकाल रहा है। उन्होंने दावा किया था अमरीका ने दाइश को हराने का लक्ष्य हासिल कर लिया है।

ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अली शमख़ानी ने कहा कि सीरिया में दाइश को हराने में अमरीका का कोई रोल नहीं था बल्कि उसे वहां रणनैतिक हार हुयी है।

उन्होंने सोमवार को तेहरान में पश्चिम एशिया में सुरक्षा व रक्षा के विषय पर आयोजित सेमिनार में कहाः "वर्ष 2019 में हमारे क्षेत्र से अमरीका का मजबूरन निकलना शुरु होगा और भविष्य में फ़ार्स की खाड़ी से उसे निकलना ही पड़ेगा।

उन्होंने ईरान की रक्षा शक्ति की ओर इशारा करते हुए कहा कि ईरान इतना शक्तिशाली है कि कोई भी देश ईरान पर हमला नहीं कर सकता।